यूपी विधानसभा चुनाव-2022: चुनावों में प्रियंका होंगी कांग्रेस का चेहरा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा ? यह सवाल अपने आप में सबसे ज्यादा अहम है लेकिन साल 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के संभावित मुख्यमंत्री उम्मीदवार का चेहरा साफ होने लगा था लेकिन औपचारिक पुष्टी अभी तक नहीं हुई है। लेकिन बार-बार कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की चुनाव प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम सामने आ रहा है। लोकसभा चुनाव के समय से ही प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी को मजबूत करने का काम शुरू कर दिया था और लोगों के बीच में पकड़ बनाने की कोशिश कर रही थीं। उस वक्त उन्होंने साफ कर दिया था कि वो 2022 के चुनावों की तैयारी कर रही है। उनका लक्ष्य 2022 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का मुख्यमंत्री बनाना है। पिछले विधानसभा चुनाव में सपा के साथ गठबंधन करने के बावजूद कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि इस बार कांग्रेस संभवत: अपने दम पर चुनाव लड़ने वाली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाड्रा होंगी। प्रदेश के लोग उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। उनके नेतृत्व में ही अगला चुनाव लड़ा जाएगा। आपको बता दें कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने वाली है। इसके लिए खुद प्रियंका गांधी वाड्रा ने रणनीतियां तैयार की हैं। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने दावा किया था कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा यह तय करेंगी कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में वह मतदाताओं के बीच खुद को कैसे पेश करेंगी, लेकिन यह जरूर है कि वह एक बेहतरीन चेहरा हैं और राज्य में पार्टी की कप्तान हैं। सलमान खुर्शीद पहले ही उन्हें प्रदेश की कांग्रेस कप्तान बना चुके थे और अब राजेश तिवारी के दावे के बाद अटकलें तेज हो गईं कि वह पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा होंगी।