भाजपा की हिमाचल कार्यसमिति की बैठक में बोले नड्डा

धर्मशाला। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को पार्टी की हिमाचल प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हम जो लोग भी भाजपा में आए हैं, वो सभी खुशनसीब हैं। जम्मू कश्मीर से लेकर नीचे तक सभी राजनीतिक दल परिवारवाद वाली पार्टियां हैं। लेकिन भाजपा में पार्टी ही परिवार है। कोई दूसरी पार्टी में 18 करोड़ सदस्य बनाने की ताकत ही नहीं है। दूर-दूर तक किसी के पहुंचने की ताकत नहीं है और यह सभी लोगों के प्रयास की वजह से हुआ है। इस दौरान जेपी नड्डा ने भाजपा सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया और अंत्योदय योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने सबका साथ और सबका विकास किया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना जाति के आधार पर नहीं दी गई बल्कि सबके लिए थी। उन्होंने कहा कि हम सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचार को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। उस सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को हमको आगे बढ़ाना है। वो हमारा उद्देश्य है जिसके साथ हम जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की सभी योजनाएं सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास से प्रेरित हैं। यही हमारा आर्थिक मॉडल रहा है।

जेपी नड्डा ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान जब सभी राजनीतिक पार्टियां लॉकडाउन हो गई थीं, उस समय भाजपा कार्यकर्ता सेवाभाव में लगे रहें। 25 करोड़ गरीबों, असहायों को फूड पैकेट्स बांटे गए, लगभग 6 करोड़ लोगों को महीने भर का राशन वितरित किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संस्कार केंद्र होता है कार्यालय, इसलिए हर जिले में कार्यालय बनें इस बात को लेकर हम चले हैं। हिमाचल में कई जिलों में नए कार्यालयों का शिलान्यास हो चुका है। उन्होंने कहा कि हम वोकल फॉल लोकल को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी हिमाचल के लॉकल उत्पादों को बढ़ावा दे रहे हैं। हमें भी हर जिले में अपने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की जरूरत है।

जेपी नड्डा ने कहा कि भारत में 82 लाख से अधिक कोरोना टीकाकरण हो गया है। मेक इन इंडिया कोविड वैक्सीन को दुनिया भर के सभी देश खरीदना चाह रहे हैं। भारत 16 देशों को कोरोना वैक्सीन भेज रहा है। भाजपा की हिमाचल प्रदेश कार्यसमिति बैठक में जेपी नड्डा के साथ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उपाध्यक्ष सुजान सिंह, अविनाश राय खन्ना समेत कई अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *