उत्तराखंड: कमल के फूल पर लड़ा जाएगा विधानसभा चुनाव- दुष्यंत गौतम

नैनीताल पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि भाजपा वर्ष 2022 का चुनाव किसी व्यक्तिगत चेहरे के दम पर नहीं, बल्कि पार्टी के चुनाव चिन्ह कमल के फूल पर लड़ेगी। कहा कि पार्टी ने सत्ता में रखकर कई सारे कार्य किए हैं, इन कार्य, योजनाओें और विकास कार्यों के दम पर चुनाव लड़ा जाएगा। नैनीताल आगमन पर उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत का भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। राज्य अतिथि गृह में दुष्यंत गौतम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कोरोना काल में जिस तरह भाजपा के कार्यकर्ताओं ने लोगों की सेवा की है, वो अतुलनीय है। कहा कि कोरोना काल में जहां सभी पार्टियां घरों में कैद थीं, तब भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों की सेवा की, उन्हें इस महामारी में किसी भी चीज की कमी नहीं होने दी।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को लूटने का काम किया है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना काल में देश के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का काम किया। कहा कि कांग्रेस नेता हरीश रावत को पिछले चुनाव में बड़ी चुनौती माना गया था, लेकिन उन्हें भाजपा ने दोनों जगह से हराया। कहा कि वर्तमान में आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में पैर पसारने की कोशिश कर रही है लेकिन केजरीवाल दिल्ली में ही सरकार चलाने में असमर्थ नजर आ रहे हैं। दिल्ली बारिश के कारण पानी में डूब रही है। वहीं केजरीवाल के वादे मुफ्त बस सेवा, मुफ्त वाईफाई योजनाएं अभी तक धरातल तक नहीं उतरे हैं। दुष्यंत गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड को एक मॉडल राज्य बनाने का संकल्प लिया है, जिसे लेकर पार्टी नेता और कार्यकर्ता भ्रष्टाचार मुक्त सरकार चला रहे हैं। उन्होंने किसान आंदोलन पर पड़ी फूट को लेकर कहा कि बीजेपी सरकार शुरू से ही किसानों के साथ रही है। कांग्रेस ने पूर्व में भी सिख समुदाय को भाजपा के विरुद्ध प्रयोग किया था। भू कानून के संबंध में उन्होंने कहा कि कमेटी गठित कर निर्णय लिए जाएंगे। इस मौके पर विधायक संजीव आर्य, जिला प्रभारी खिलेंद्र चौधरी, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, नगर अध्यक्ष आनंद बिष्ट, भानू पंत, अरविंद पडियार, गोपाल रावत, भूपेंद्र बिष्ट, हिमानी साह, रोहित थापा, विजय लक्ष्मी थापा आदि मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *