UP: सुनील बंसल और कर्मवीर को पदोन्नति के साथ मिली नई जिम्मेदारी

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल को पदोन्नत कर पार्टी का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं झारखंड के महामंत्री संगठन धर्मपाल को उत्तर प्रदेश में पार्टी का महामंत्री संगठन नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बुधवार को महामंत्री संगठनों के तबादलों के आदेश जारी किए। उत्तर प्रदेश के सह संगठन मंत्री कर्मवीर को झारखंड में महामंत्री संगठन नियुक्त किया है। प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल को पदोन्नत कर राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। बंसल को पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और उड़ीसा का प्रभारी भी नियुक्त किया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर पार्टी उत्तर भारतीय राज्यों से संभावित नुकसान की भरपाई दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों से करना चाहती है। इसलिए बंसल को तेलंगाना, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया गया।

बिजनौर के मूल निवासी धर्मपाल 1990 से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्णकालिक रहे। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के संयुक्त क्षेत्रीय संगठन मंत्री रहे। उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ब्रज और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अभाविप संगठन मंत्री रहे। जुलाई 2017 में उन्हें झारखंड में भाजपा का महामंत्री संगठन नियुक्त किया गया था। बिहार विधानसभा चुनाव 2020, असम विधानसभा चुनाव 2021 और 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी धर्मपाल को चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लोकसभा चुनाव 2024 में यूपी में 50 फीसदी से अधिक वोट हासिल करने और 75 सीटों पर जीत का लक्ष्य रखा है। ऐसे में धर्मपाल सिंह को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।  पार्टी सूत्रों का कहना है कि संभवत: स्वतंत्रता दिवस के बाद प्रदेश अध्यक्ष के नाम की भी घोषणा की जाएगी। खासतौर से 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की पुख्ता तैयारियों के लिए अभी दो से तीन और अहम निर्णय लिए जाएंगे। अगले लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर ही बुधवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को स्वतंत्र देव की जगह विधान परिषद में नेता सदन बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *