Uttarakhand: जोशीमठ आपदा को समर्पित रहा भारत जोड़ो यात्रा का 130वां दिन

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का 130वां दिन आपदाग्रस्त जोशीमठ शहर को समर्पित रहा। यात्रा में मंगलवार को उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल हुए और जोशीमठ बचाओ के नारे लगाए। उन्होंने राहुल गांधी से जोशीमठ आकर हालात का जायजा लेने के लिए आमंत्रित किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

यह जानकारी देते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने बताया कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व हमेशा से ही उत्तराखंड की हर ज्वलंत समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहा है। राहुल गांधी ने जम्मू कश्मीर में चल रही भारत जोड़ो यात्रा का पूरा एक दिन जोशीमठ आपदा और आपदा प्रभावितों के साथ अपनी एकजुटता जाहिर करने के लिए समर्पित किया। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने इसरो की ओर से जोशीमठ की सेटेलाइट तस्वीरें हटाने पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि यह तस्वीरें जोशीमठ के आपदा प्रबंधन कार्यों में महत्वपूर्ण साबित हो सकती थीं, लेकिन केंद्र सरकार के दबाव में इन्हें हटा दिया गया। उधर, मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी और उपाध्यक्ष संगठन मथुरादत्त जोशी ने कहा की सत्तारूढ़ दल मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर यह आरोप लगा रहा है कि कांग्रेस जोशीमठ मुद्दे पर राजनीति कर रही है, जबकि उत्तराखंड के लोग देख रहे हैं कि भाजपा नेताओं ने जोशीमठ को लेकर कितनी संजीदगी दिखाई है। कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने भाजपा के तमाम उन मंत्रियों के लिए एक लंबी लकीर खींचने का काम किया है जिन्होंने जोशीमठ आपदा को इतने दिन बीत जाने के बावजूद भी जोशीमठ से दूरी बनाकर रखी हुई है । प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह, काजी निजामुद्दीन, गणेश गोदियाल, मनीष खंडूड़ी, हरक सिंह रावत, प्रकाश जोशी आदि शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *