सदन में गरजे राहुल गांधी, प्रधानमंत्री पर किया करारा प्रहार, कहा-आपने मणिपुर में भारत माता की हत्या की

लंबे समय के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज सदन में जमकर गरजे। राहुल की स्पीच को लेकर भाजपा पहले से ही तैयारी बनाए हुई थी। इसके लिए भाजपा ने अपनी महिला मंत्री स्मृति ईरानी को राहुल गांधी को जवाब देने के लिए तैयार कर रखा था। आज एक बार फिर राहुल गांधी और स्मृति ईरानी आमने-सामने थे। राहुल गांधी के मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या और भारत माता की हत्या वाले बयान पर स्मृति ईरानी ने पलटवार किया।

करीब एक घंटे तक सदन राहुल बनाम स्मृति ईरानी पर ही केंद्रित हो गया। मानसून सत्र के दौरान आज लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर राहुल गांधी ने करीब 35 मिनट तक अपने चिर परिचित अंदाज में मणिपुर मुद्दे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। ‌राहुल गांधी की स्पीच के दौरान सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच हंगामा होता रहा।

राहुल ने कहा- आज जो मेरे भाजपा के मित्र हैं। आज आपको डरने की जरूरत नहीं है। अडाणीजी पर नहीं बोलने जा रहा हूं। राहुल ने मणिपुर को लेकर बीजेपी पर जमकर हमला बोला। लोकसभा में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, कुछ दिन पहले मैं मणिपुर गया। हमारे पीएम आज तक नहीं गए क्योंकि उनके लिए मणिपुर हिंदुस्तान नहीं है। मैंने मणिपुर शब्द प्रयोग किया मगर आज कि सच्चाई ये है कि मणिपुर नहीं बचा है। मणिपुर को आपने दो भाग में कर दिया है, मणिपुर को आपने बांट दिया है, तोड़ दिया है। उन्होंने आगे कहा, मैं मणिपुर में रिलीफ कैंप्स में गया। मणिपुर में रिलीफ कैंप्स में मैंने महिलाओं से बात की, बच्चों से बात की, जो हमारे पीएम ने आज तक नहीं किया।

एक महिला से मैंने पूछा- बहन! क्या हुआ आपके साथ? उसने बताया- मेरा छोटा सा बेटा, एक ही बच्चा था मेरा, मेरी आंखों के सामने उसको गोली मार दी, मैं पूरी रात उसकी लाश के साथ लेटी रही। फिर मुझे डर लगा,मैंने अपना घर छोड़ दिया। उसने एक फोटो दिखाते हुए कहा कि अब मेरे पास सिर्फ यही बची है। राहुल ने कहा- मोदीजी अगर मणिपुर की आवाज नहीं सुनते हैं, उसके दिल की आवाज नहीं सुनते हैं तो किसकी सुनते हैं? किसकी आवाज सुनते हैं, सिर्फ दो लोगों की आवाज सुनते हैं। रावण दो लोगों की सुनता था- मेघनाथ और कुंभकर्ण। वैसे ही मोदीजी अमित शाह और अडाणी की सुनती है। लंका को हनुमान ने नहीं, रावण के अहंकार ने जलाया। राम ने रावण को नहीं मारा, उसके अहंकार ने मारा था। आप देशभर में केरोसिन छिड़क रहे हो, आपने मणिपुर में केरोसिन छिड़की। आप पूरे देश में केरोसिन छिड़कर उसे जलाना चाहते हैं। राहुल गांधी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि इन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है। इनकी राजनीति ने हिंदुस्तान को मणिपुर में मारा है, हिंदुस्तान का मर्डर किया है।

राहुल ने कहा, जैसे मैंने भाषण की शुरुआत में बोला भारत एक आवाज है। भारत हमारी जनता की आवाज है। दिल की आवाज है। उस आवाज की हत्या आपने मणिपुर में की। इसका मतलब आपने भारत माता की हत्या मणिपुर में की। आपने मणिपुर के लोगों को मारकर भारत माता की हत्या की। आप देशद्रोही हो। आप द्रेशप्रेमी नहीं हो. इसलिए आपके पीएम मणिपुर में नहीं जा सकते हैं। क्योंकि उन्होंने हिंदुस्तान की हत्या की है. भारत माता की हत्या की है। आप भारत माता के रखवाले नहीं हो, आप भारत माता के हत्यारे हो। स्पीच के बाद राहुल गांधी सदन से राजस्थान के लिए रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *