National Games: मशाल ‘तेजस्विनी’ का गोपेश्वर में हुआ भव्य स्वागत
38वें राष्ट्रीय खेलों की मशाल ‘तेजस्विनी’ का जिला मुख्यालय गोपेश्वर पहुंचने पर जिलाधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारियों व खेल प्रेमियों ने भव्य स्वागत किया। वहीं, पांडवाज ग्रुप की ओर से राष्ट्रीय खेलों के थीम सांग ‘हल्ला धूम धड़ाका’ सहित कई गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पुलिस मैदान में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। पांडवाज के गीतों पर युवा जमकर थिरके। खेलों की मशाल को खेल मैदान गोपेश्वर से मुख्य बाजार होते हुए आईटीबीपी के बैंडों की धुनों के साथ भव्य रैली निकालते हुए पुलिस मैदान तक लाया गया। पुलिस मैदान में जिलाधिकारी संदीप तिवारी, एसपी सर्वेश पंवार, अर्जुन पुरस्कार विजेता सुरेंद्र सिंह कनवासी सहित अन्य ने मशाल तेजस्विनी का स्वागत किया। जिलाधिकारी ने मशाल का औपचारिक अनावरण किया। डीएम ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का मौका उत्तराखंड को मिलना गौरव का विषय है। इससे देवभूमि भविष्य में खेल भूमि के रूप में भी विकसित होगी। कहा कि जिले में खेल सुविधाओं को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।