मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र स्थित विश्वविख्यात बागेश्वर धाम (गढ़ा गांव) में एक बार फिर अज्ञात शव मिला है। उक्त शव नग्न अवस्था में मिला है। यह संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। यहां धाम पर आए दिन अज्ञात शवों के मिलने का सिलसिला जारी है। अब अज्ञात व्यक्ति का नग्न अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई। गांव के उसपाल सिंह के खेत के कुआं के पास आम के पेड़ के नीचे उक्त शव मिला है। मृतक नग्न अवस्था में पेट के बल पड़ा था। उम्र लगभग 35 से 35 साल बताई जा रही है। कपड़े और अन्य दस्तावेज नहीं होने की वजह से शिनाख्त नहीं हो सकी है। इस घटना की जानकारी मिलने पर बमीठा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा बनाया और पोस्टमॉर्टम के लिये भिजवाया। शव की शिनाख्त करने की कोशिशें तेज हो गई हैं।