ओडिशा दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति, मन की बात के बाद तेलंगाना में पीएम की चुनावी सभा
तेलंगाना विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तेलंगाना में रहेंगे। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज ओडिशा का दौरा करेंगी। बता दें, विधानसभा चुनाव के कारण प्रधानमंत्री आज और कल भी तेलंगाना में ही रहेंगे तो वहीं राष्ट्रपति मुर्मू भी आज और कल ओडिशा में रहेंगी। प्रधानमंत्री आज मन की बात कार्यक्रम भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 नवंबर रविवार को सुबह 11 मन की बात कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे दोपहर दो बजे से 2.40 बजे तक एक चुनावी बैठक करेंगे। इसके लिए वे तूप्रान जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3.30 बजे से 4.10 बजे तक प्रधानमंत्री निर्मल में एक बैठक को संबोधित करेंगे।
27 नवंबर, सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी का महबूबाबाद में दोपहर 12 बजे से 12.40 बजे के बीच और करीमनगर विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 2 बजे से 2.40 बजे तक एक चुनावी सभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। यहां वे पार्टी उम्मीदवार बंडी संजय कुमार के लिए प्रचार करेंगे। इसके बाद शाम 5.30 बजे से 7 बजे तक वे हैदराबाद में रोड शो करेंगे और फिर नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।