उत्तराखण्डः कृषि कानून के खिलाफ किसानों का राजभवन कूच आज
कृषि कानूनों के खिलाफ आज शनिवार को राज्यभर के किसान देहरादून स्थित राजभवन कूच कर रहे हैं। इसके लिए डोईवाला, विकासगनर और रुड़की के किसानों ने तैयारी पूरी कर ली है। दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच के कार्यकर्ता आज राजभवन कूच कर रहे हैं। जिसके बाद 24 जनवरी को मंच के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान दिल्ली में प्रस्तावित ट्रैक्टर रैली में प्रतिभाग करने के लिए रवाना होंगे।
केंद्रीय कृषि कानून के खिलाफ राजभवन कूच कर रहे किसानों ने प्रदर्शन करते हुए ट्रैक्टर रैली निकाली। भानियावाला लक्ष्मी वाला ओवरब्रिज से होते हुए टोल बैरियर पहुंची ट्रैक्टर रैली को पुलिस ने रोक लिया। इस बीच प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। किसानों ने जमकर नारेबाजी की और कृषि कानून वापस लेने की मांग की। कुछ किसान ट्रैक्टर लेकर दून शहर की ओर निकल गए। कुछ को पुलिस ने रोक लिया। प्रदर्शनकारियों में ताजेंद्र सिंह हाजी, अमीर हसन, जाहिद अंजुम, सुरेंद्र सिंह खालसा, परमजीत सिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष गौरव चौधरी, सागर मनवाल, मोहित उनियाल, गुरुदेव सिंह, उमेद बोरा आदि तमाम लोग हैं।
शुक्रवार को विकासनगर में आयोजित प्रेसवार्ता में मंच के प्रदेश संयोजक दौलत कुंवर ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की मांग को अनुसना कर रही है। जिसके विरोध में प्रदेश के किसान मंच के नेतृत्व में राजभवन का कूच कर सरकार को जगाने का प्रयास कर रहे हैं। कहा कि वर्तमान में सहसपुर, विकासनगर और चकराता विधानसभा क्षेत्र के 373 किसान मंच के बैनर तले दिल्ली गाजीपुर बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। 24 जनवरी को बड़ी संख्या में क्षेत्र के अन्य किसान भी ट्रैक्टर रैली में प्रतिभाग करने के लिए दिल्ली रवाना होंगे। कहा कि बीते 60 दिनों में 132 किसान शहीद हो गए हैं लेकिन, सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी है। जब तक किसान बिल को समाप्त नहीं किया जाता किसान आंदोलन से टस से मस नहीं होने वाले। कृषि बिल के वापस होने पर ही किसान आंदोलन समाप्त होगा। प्रेसवार्ता में प्रदेश सह संयोजक स्वराज चौहान भी मौजूद रहे।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने आज राजभवन कूच करने का कार्यक्रम रद्द करने की प्रशासन की अपील ठुकरा दी है। शुक्रवार देर शाम गुड़ मंडी में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल, सीओ मंगलौर अभय सिंह, सीओ रुड़की बीएस चौहान ने किसानों के साथ बैठक की।