कोरोना की दूसरी लहर: देश में पहली बार 10 लाख के पार पहुंची सक्रिय मामलों की संख्या

कोरोना वायरस की दूसरी लहर बेहद घातक साबित हो रही है और संक्रमण तेजी से फैल रहा है। मरीजों का आंकड़ा इस रफ्तार से बढ़ रहा है जिसने चिंताजनक हालात पैदा कर दिए हैं। रोजाना संक्रमितों और मृतकों की संख्या में भारी इजाफा हो रहा है। शनिवार को ही एक लाख 45 हजार लोग संक्रमित पाए गए। चिंताजनक बात ये है कि सक्रिय मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अस्पताल से डिस्चार्ज होने वालों की संख्या कम और संक्रमितों की संख्या ज्यादा हो गई है। इसी के साथ भारत में पहली बार सक्रिय मामलों की संख्या ने 10 लाख का आंकड़ा पार किया है। भारत में कुल सक्रिय मामलों की संख्या फिलहाल 1046631 है।

अब तक भारत में कुल 13205926 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 168436 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 11990859 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 32.8 लाख मरीज हैं। पहली लहर के मुकाबले कोरोना इस साल बेकाबू होता जा रहा है। पिछले चार दिनों से लगातार एक लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं। इससे पहले शुक्रवार को 1.31 हजार, गुरुवार को 1.26 लाख , बुधवार को 1.15 लाख, मंगलवार को 96 हजार और सोमवार को 1.03 लाख केस सामने आए थे।

महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 55,411 नए मामले सामने आये और राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 33,43,951 पहुंच गयी वहीं संक्रमण से एक दिन में 309 लोगों की मौत होने से कुल मृतक संख्या 57,638 हो गयी है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी देते हुए बताया कि महाराष्ट्र में इस समय 5,36,682 संक्रमितों का उपचार चल रहा है। एक दिन में कुल 53,005 लोगों को अस्पतालों से इलाज के बाद छुट्टी दे दी गयी और इस तरह महाराष्ट्र में अब तक कुल 27,48,153 लोग संक्रमण के प्रकोप से उबर चुके हैं। इस समय राज्य में संक्रमणमुक्त होने की दर 82.18 प्रतिशत है वहीं संक्रमण से मृत्यु दर 1.72 प्रतिशत है। राज्य में एक दिन में 2,19,977 नमूनों की संक्रमण के लिए जांच की गयी और अब तक कुल 2,18,51,235 नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *