देश में कुछ अच्छा होने पर राहुल को होती है चिढ़ः संबित पात्रा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कोरोना महामारी के दौरान लापरवाही और टीकाकरण को लेकर सरकार से कई सवाल किए।

राहुल गांधी के प्रहार पर अब भाजपा की ओर से पलटवार आया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी के तमाम सवालों का जवाब दिया है। पात्रा ने कहा कि जब भी हिंदुस्तान में कुछ अच्छा होता है और देश अच्छा परफॉर्म करता है, तो कहीं न कहीं कांग्रेसियों को उससे चिढ़ होती है। राहुल गांधी से रुका नहीं जाता और वो प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उस पूरे विषय पर एक प्रश्नचिन्ह लगाने का काम करते हैं। पात्रा ने कहा कि योग दिवस के साथ ही कल का दिन बहुत महत्वपूर्ण था। कल पूरे विश्व में हिंदुस्तान एक मात्र ऐसा देश बना जिसने एक ही दिन में लगभग 87 लाख लोगों का टीकाकरण किया। पात्रा ने कहा कि कोरोना की लड़ाई में जब भी निर्णायक मोड़ आए तब-तब के राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने राजनीति करने की भरसक प्रयास किया है। कहीं न कहीं भारत की कोरोना से इस लड़ाई को डिरेल करने का अथक परिश्रम किया है। उन्होंने कहा कि सेकेंड वेव कांग्रेस शासित राज्य से शुरू हुआ। कांग्रेस शासित राज्यों में इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा और सर्वाधिक मामले आए। सबसे ज्यादा मौतें कांग्रेस शासित राज्यों में हुईं। कांग्रेस शासित राज्यों ने कोवैक्सीन को लेकर इनकार किया और वहां सर्वाधिक मृत्यु दर रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *