उत्तराखण्ड विस चुनाव-2022: मिथक टूटेगा, हमने जो कहा, वो करके दिखाया – मदन कौशिक

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का दावा है कि इस बार उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में एक बार कांग्रेस एक बार भाजपा का मिथक टूटेगा। उनका मानना है कि भाजपा ने 2017 के चुनाव में जो वादे किए, उन्हें पूरा करके दिखाया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर कौशिक का कहना है कि उन्हें कांग्रेस चेहरा नहीं मानती तो भाजपा क्यों मानेंगी। पार्टी को चुनाव लड़ाने और खुद चुनावी चुनौती में घिरे कौशिक से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। पेश है बातचीत के प्रमुख अंश..

सवाल: सत्ता में एक बार कांग्रेस एक बार भाजपा का मिथक क्या इस बार टूटेगा?
जवाब: निश्चित तौर पर टूटेगा, क्योंकि भाजपा ने 2017 में जो कहा था वह 2022 तक पूरा किया। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा सरकार कामों को जनता का आशीर्वाद अवश्य मिलेगा।

सवाल: अबकी बार साठ पार का चुनाव से अचानक नारा गायब क्यों हो गया? क्या उतनी सीटें नहीं मिल रही, जितनी पार्टी उम्मीद कर रही है?
जवाब: यह नारा आज भी जारी है। डबल इंजन सरकार के कार्यों को लेकर अन्य नारे भी चर्चित हो रहे हैं। भाजपा 60 पार के नारे को चरितार्थ करने वाली है।

सवाल: कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा चुनाव में फंस गई है और अब वह ध्रुवीकरण और तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है?
जवाब: कांग्रेस का जनाधार देश की तरह पूरे प्रदेश में भी सिकुड़ता जा रहा है। उसकी स्थिति खराब है। तभी जुमे की नमाज का शासनादेश और मुस्लिम यूनिवर्सिटी की बात कही गई। कांग्रेस के डबल इंजन सरकार का हिसाब राहुल व प्रियंका क्यों नहीं दे रहे हैं? वे अपने विकास के कार्य दिखा नहीं पाए इसलिए मुस्लिम तुष्टीकरण का कार्ड खेल रहे हैं।

सवाल: उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता कानून बनाने के पीछे की मंशा क्या है ? क्या हिजाब विवाद के कारण भाजपा यह कानून बनाने की बात कर रही है?
जवाब: राम मंदिर बनाएंगे, अनुच्छेद 370 हटाएंगे व समान नागरिक संहिता लागू करेंगे, ये तीन मुद्दे 1989 से भाजपा के एजेंडे में शामिल हैं। धामी जी ने जो कहा है वह सरहानीय व प्रशंसनीय है।

सवाल: आप पर 70 विधानसभा सीटों में चुनाव लड़ाने का दारोमदार है। लेकिन आप खुद चुनाव लड़ रहे हैं? आपके लिए चुनाव लड़ना कितना चुनौतीपूर्ण है?
जवाब: भाजपा के पास मजबूत संगठन है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की फौज है। पन्ना प्रमुख है, जो एक-एक बूथ पर काम कर रहे हैं। मैं खुद पूरे प्रदेश का दौरा कर रहा हूं। जो समय मिल रहा है, अपने चुनाव क्षेत्र में कार्य कर रहा हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *