मध्य प्रदेशः मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स का शुभारंभ किया

पांचवें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति के साथ शुभारंभ किया। मध्य प्रदेश यूथ गेम्स की पहली बार मेजबानी कर रहा है। यह मल्टी स्पोर्ट्स टूर्नामेंट  30 जनवरी से शुरू होकर 11 फरवरी तक राज्य के अलग-अलग शहरों में चलेगा। खेलो इंडिया प्रतियोगिता में कुल 27 खेल आयोजित होंगे।

शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश के कोने-कोने से पधारे खिलाड़ियों का दिल से स्वागत करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलों को सुंदर कल देने, खिलाड़ियों को स्वर्णिम भविष्य गढ़ने और नए भारत का स्वप्न साकार करने के लिए धन्यवाद देता हूं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स सचमुच में ऐतिहासिक है। सीएम ने कहा कि हमारे यहां अतिथि देवो भव: की परंपरा है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नए भारत का उदय हो रहा है, जो आंखों में आंखें डालकर बात करता है तो पूरे विश्व के कल्याण की कामना भी करता है। आज जब खेलो इंडिया यूथ गेम्स प्रारंभ हो रहे हैं, तब मुझे बताते हुए गर्व हो रहा है कि कल ही भारत की बेटियों ने अंडर 19 में विश्व कप जीता है। मैं उनको बधाई देता हूं। मध्य प्रदेश की बेटी सौम्या ने विनिंग शॉट लगाया है। खेलों में देश बढ़ रहा है, लेकिन मध्य प्रदेश भी पीछे नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले मध्य प्रदेश में खेलो का बजट पांच करोड़ रुपये हुआ करता था, जो अब 387 करोड़ हो गया है।

सीएम शिवराज ने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए मध्य प्रदेश में धन की कमी नहीं रखी जाएगी। 18 खेलों की 11 अकादमियां मध्य प्रदेश में स्थापित की गई हैं। मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि पहले मध्य प्रदेश को खेलो में कहीं नाम नहीं होता था, लेकिन पिछले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 38 पदक मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने जीते थे। खेलो इंडिया गेम्स टेलेंट सर्च के नए खिलाड़ी गढ़ने का मंच है। कल आप एशियाड, ओलंपिक में खेलेंगे। सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश में खेलो इंडिया गेम्स ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के बेटा-बेटी जो पदक जीतकर आएंगे, उनको आगे की तैयारी के लिए पांच लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही कहा कि खेल को खेल भावना के साथ खेलें। हार जीत खेल में होती है। इसमें अनावश्यक दबाव से बचिए। हमेशा याद रखें खेल भावना की जीत होनी चाहिए। सीएम ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स प्रारंभ करने की घोषणा करता हूं। जोश दिखा दो, जान लगा दो, हिंदूस्तान का दिल धड़का दो…।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *