मध्यप्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व में ही कांग्रेस विधानसभा चुनाव लड़ेगी: दिग्विजय सिंह

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव कमलनाथ जी के नेतृत्व में लड़ेगी। इस बयान को लेकर भाजपा की तीखी प्रतिक्रिया आई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दिग्विजय सिंह जी जिसके कंधे पर हाथ रखते हैं, उसका परमकल्याण हो जाता है। यह उनका स्टाइल बन गया है।

दरअसल, सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र में रविवार को दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कमलनाथ ही मध्यप्रदेश में कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरा होंगे। इस पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दिग्विजय जी के बारे में यह प्रसिद्ध है कि वे जिसके कंधे पर हाथ रख देते हैं, उसका परमकल्याण ही उनके दिल में होता है। अब यह दिग्विजय जी की स्टाइल है। कहते क्या है, दिल में क्या होता है और करते क्या हैं… यह आज तक कोई नहीं जान पाया।

कांग्रेस की हारी सीटों पर जा रहे हैं दिग्विजय
दिग्विजय सिंह 17 फरवरी को मध्यप्रदेश में सक्रिय हुए और उन सीटों पर जा रहे हैं, जहां 2018 में कांग्रेस की हार हुई थी। बुदनी सीट का प्रतिनिधित्व खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करते हैं। वहां उन्होंने शिवराज पर निशाना साधा। उनके पौधरोपण अभियान को नौटंकी बताया। घोषणाओं और वादों को झूठ का पुलिंदा।

पंगत होगी तो रायता फैलेगी हीः नरोत्तम
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को कहा कि कमलनाथ जी के छोटे भाई (दिग्विजय सिंह) ने फिर संगत में पंगत शुरू कर दी है। पंगत होगी तो रायता फैलेगा ही। दिग्विजय सिंह जी कितना भी प्रचार कर लें, जनता उसे दुष्प्रचार ही मानेगी। वैसे, यह उनका बड़प्पन है और वह कह चुके हैं कि उनके जाने से वोट कटेंगे। जनता भी यही मानेगी कि उनके जाने से वोट कटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *