MP News: भाजपा बूथ स्तर पर एन्फलुएंसर्स की सूची करेंगी तैयारी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। भाजपा मुख्यालय में गुरुवार को भाजपा की बड़ी बैठक हुई। इसमें प्रदेश पदाधिकारी, सभी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी शामिल हुए।। बैठक में 2023 विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर पदाधिकारियों को निर्देश दिये गए। बैठक में 4 मई से 14 मई तक बूथ विजय संकल्प अभियान चलाने की जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया पर कार्यकर्ताओं को एक्टिव होने और बूथ स्तर पर एन्फलुएंसर्स की सूची तैयार करने को कहा गया। बैठक में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शामिल हुए।

प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि बूथों की सक्रियता की कसौटी यह है कि वहां तक पार्टी की विचारधारा प्रवाहित होनी चाहिए। अगर बूथ पूरी तरह सक्रिय हैं, तो पूरे प्रदेश में पार्टी की विचारधारा के अनुरूप सामाजिक परिवर्तन दिखाई देना चाहिए। 4 से 14 मई तक चलने वाले बूथ विजय संकल्प अभियान का उद्देश्य बूथों को ऐसा ही बनाना है। 10 बूथों पर एक क्लसटर का गठन, प्रत्येक 15 दिनों में जिलों में कोर की बैठक अनिवार्य रूप से हो। इस अभियान की दृष्टि से जिला, मंडल, विधानसभा और क्लस्टर स्तर की टोलियों के गठन का काम जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए। प्रदेश स्तर पर न्यू ज्वाइनिंग कमेटी का गठन हुआ है, उसी तरह की कमेटियां मंडल स्तर पर भी गठित की जाएंगी। प्रत्येक बूथ पर एन्फलुएंसर्स की सूचियां तैयार की जाएं।

पीएम के 9 साल पूरे होने पर कार्यकम
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पन्ना समितियों और पन्ना प्रमुख को नए लोगों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारियां और काम दिये जाएं, साथ ही प्रत्येक कार्यकर्ता तीन नए वोट पार्टी को दिलाने का संकल्प ले। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार 9 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। इस अवसर पर 15 मई से 15 जून तक प्रत्येक स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई गई है। इन कार्यक्रमों में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

मन की बात का 100 एपिसोड पर कार्यकम
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि 30 अप्रैल को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का 100 वां एपिसोड प्रसारित किया जाएगा। इसके उपलक्ष्य में पार्टी ने बड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। इन कार्यक्रमों के संबंध में जिला स्तर पर भी पत्रकारवार्ताएं आयोजित की जाएं। इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा में 100 स्थानों पर तथा प्रत्येक तीन में से एक बूथ पर इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनमें जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत विशिष्ट जनों समेत 100 व्यक्तियों की उपस्थित हो।

15 मई से 15 जून तक विशेष कार्यक्रम
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का 9 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर 15 मई से 15 जून तक एक महीने का विशेष कार्यक्रम चलाया जाएगा। प्रदेश संगठन महामंत्री ने मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं में संवाद की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जिले में कोर ग्रुप की बैठक प्रत्येक 15 दिनों में आयोजित की जाना चाहिए तथा बैठक का कार्यक्रम कम से कम 24 घंटे का होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *