गुजरात में भगवा बयार, सभी छह नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा

रविवार को गुजरात में हुए 6 नगर निगमों के चुनाव में भाजपा की शानदार विजय हुई है। अहमदाबाद, भावनगर, सूरत, बड़ोदरा, जामनगर और राजकोट में भाजपा ने सभी नगर निगमों पर एक बार फिर से कब्जा कर लिया है। सूरत में तो भाजपा लगातार 30 वर्षों से सत्ता में है। सूरत में कांग्रेस का सूपड़ा पूरी तरह से साफ हो गया है। यहां विपक्ष के रूप में आम आदमी पार्टी का उदय हुआ है। सूरत में आम आदमी पार्टी को 27 सीटें मिली हैं। इसी से गदगद अरविंद केजरीवाल ने ऐलान भी कर दिया है कि वह 26 फरवरी को सूरत में एक रोड शो भी करेंगे। अहमदाबाद में भी भाजपा की स्थिति बेहद ही मजबूत रही। हालांकि यहां असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी खाता जरूर खुल गया है। वहीं, मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के शहर राजकोट में भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपराजय बढ़त बना ली है। इतना ही नहीं, यहां 2015 के मुकाबले भाजपा को ज्यादा सीटें आई हैं। कुल मिलाकर अगर कहे तो भाजपा को जामनगर, राजकोट, बड़ोदरा और भावनगर के साथ-साथ सूरत और अहमदाबाद में भी बहुमत मिल गई है। एक तरफ भाजपा की शानदार विजय हुई है लेकिन सबसे खराब स्थिति वहां पर कांग्रेस की हुई है। कांग्रेस को इस नगर निगम के चुनावों में करारा झटका लगा है। उसके डेटिंग डेस्टिनेशन वाले वादे ने भी उसकी डूबती नैया को पार नहीं लगाया। यही कारण है कि लगभग सभी नगर निगम में भाजपा की तुलना में कांग्रेस काफी पीछे रही। आम आदमी पार्टी ने सूरत के नतीजों को चौंकाने वाला बताया है। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा कि नई राजनीति की शुरुआत के लिए गुजरात के लोगों को दिल से बधाई। पार्टी प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि गुजरात के लोगों ने बहुत प्यार दिया है। गुजरात के रिजल्ट से कई राजनीतिक मायने सामने आएंगे।

आप ने छहों नगर निगमों में कुल 470 उम्मीदवार उतारे थे। वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने भाजपा की शानदार जीत पर बधाई देते हुए ट्वीट किया कि मैं सभी छह महानगरों के मतदाताओं का धन्यवाद देता हूं। मैं उन सभी बीजेपी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने इस चुनाव में कड़ी मेहनत की है। मैं गुजरात की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि बीजेपी में रखा गया भरोसा पार्टी बेकार नहीं जाने देगी। सरकार 6 नगर निगमों के विकास के लिए हर संभव कोशिश करेगी। रूपाणी ने ट्वीट में यह भी कहा कि गुजरात के लोगों ने राजनीतिक विश्लेषकों को एक विषय उपलब्ध कराया है, जो इस बारे में अध्ययन कर सकते हैं कि किस तरह से सत्ता विरोधी लहर का सिद्धांत राज्य (गुजरात) में लागू नहीं होता है। उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने भी चुनाव परिणामों को लेकर मतदाताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया है। रविवार को हुए छह नगर निगमों के चुनाव में औसतन 46.1 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने जामनगर में तीन सीटों पर जीत दर्ज की है। अहमदाबाद में कुल 192 सीटों, राजकोट में 72, जामनगर में 64, भावनगर में 52, वड़ोदरा में 76, और सूरत में 120 सीटों पर 21 फरवरी को मतदान हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *