ओमप्रकाश राजभर बोले: भागीदारी संकल्प मोर्चे की सरकार बनी तो पूर्वांचल राज्य बनेगा

भागीदारी संकल्प मोर्चे की सरकार बनी तो पूर्वांचल राज्य बनेगा। यह बात बुधवार को सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने वाराणसी में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश को लूट रही है। महंगाई बढ़ रही है और जनता कराह रही है। ओमप्रकाश राजभर ने कहा, सरकार बनते ही घरेलू बिजली पांच साल तक माफ होगी। शिक्षा नीति लागू कर अमीर गरीब की पढ़ाई समान होगी।

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि महीने में 50 किलो राशन दिया जाएगा। गरीबों को मुफ्त चिकित्सा की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही प्रदेश में शराबबंदी लागू की जाएगी। वह डॉ. रत्नप्पा कुंभार और डॉ. पेरियार राधास्वामी नायकर की जयंती पर मुनारी खेल मैदान में समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष भागीदारी संकल्प मोर्चा प्रेमचंद प्रजापति, बाबूलाल पाल, विधायक कैलाश नाथ सोनकर, महेश चंद्र प्रजापति, शशि प्रताप सिंह आदि लोगों ने विचार व्यक्त किया। संचालन शशि प्रताप सिंह ने किया।
ओमप्रकाश राजभर ने सर्किट हाउस में कहा कि भाजपा अब्बाजान जैसे बयानों से पिछड़ों का वोट नहीं पाएगी। जाति धर्म के नाम पर काम करने वाली सरकार के लिए मुसलमान मुख्तार अंसारी, अतीक बाहुबली हैं। दूसरी तरफ भाजपा के एमएलसी बृजेश सिंह बाहुबली नहीं हैं। धनंजय सिंह की पत्नी को जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा ने बनवाया। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के बयान पर ओमप्रकाश राजभर ने पलटवार किया और कहा कि अबकी बार वह जमानत बचाने के लिए परेशान हैं। प्रदेश सरकार बंगाल की सड़क और अमेरिका की फैक्टरी दिखाकर विज्ञापन दे रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि अब्बाजान नहीं, महंगाई जान के विषय में सोचिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *