UP Breaking News: आज अखिलेश और स्वतंत्र देव सिंह हाथरस में, कल आएंगे सीएम योगी

विधानसभा चुनाव के मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में और ताकत झोंक दी है। कई दलों के स्टार प्रचारक अब अपने प्रत्याशियों के पक्ष में हवा बनाने के लिए यहां आ रहे हैं। इससे जिले का सियासी तापमान और बढ़ जाएगा। इसका सिलसिला रविवार से शुरू हो जाएगा। इसे लेकर तैयारी शुरू कर दी गई हैं। 20 फरवरी को मतदान से पहलेचुनाव प्रचार में प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने पूरी ताकत लगा दी है। उनके समर्थन में राजनेता चुनावी सभाएं भी करने आ रहे हैं। रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सिकंदराराऊ में आएंगे। वह दोपहर 11.50 बजे हेलीकॉप्टर से सिकंदराराऊ नगर पालिका के क्रीड़ा स्थल पर आएंगे। वहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। रविवार को ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह यहां आएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने बताया कि दोपहर 12 बजे उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन के मैदान में उतरेगा। वह गांव रुहेरी में जनसंपर्क करेंगे और उसके बाद वह सासनी के गांव समामई में सभा को संबोधित करेंगे। सासनी कस्बे में वह जनसंपर्क भी करेंगे। तदुपरांत वहां से हाथरस जंक्शन होते हुए पुलिस लाइन वापस चले जाएंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को जिले में तीन सभाओं को संबोधित करेंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले दोपहर 12 बजे सादाबाद में छाबी मियां के बाद में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद दोपहर एक बजे हाथरस के बागला कॉलेज के मैदान पर सभा को संबोधित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *