आदिवासी क्षेत्र में CM शिवराज का पहला रोड शो 16 जुलाई को, कुक्षी से विकास पर्व का शुभारंभ होगा
प्रदेश सरकार द्वारा 16 जुलाई से शुरू किए जा रहे विकास पर्व का शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान धार जिले के कुक्षी से करने जा रहे हैं। प्रदेश में कुछ माह बाद विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इस चुनाव में आदिवासी प्रमुख मुद्दा है, लिहाजा मुख्यमंत्री आदिवासी क्षेत्र धार जिले के कुक्षी से विकास पर्व की शुरुआत करने जा रहे हैं। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री दोपहर बाद आदिवासी बहुल बड़वानी जिले में पहला रोड शो करने जा रहे हैं। यह पहला चुनावी रोड शो भी कहा जा रहा है। मुख्यमंत्री बड़वानी में ही रात्रि विश्राम करेंगे। 17 जुलाई को मुख्यमंत्री शाजापुर जिले में प्रदेश के पहले सीएम राइज का लोकार्पण करने के साथ यहीं से स्कूल चलें हम अभियान को भी शुरू करने जा रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री शनिवार को आष्टा में लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शिवराज सरकार 16 जुलाई से 14 अगस्त तक पूरे प्रदेश में विकास पर्व मना रही है। विकास पर्व के दौरान 2 लाख करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का होगा लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। विकास पर्व के दौरान जनसेवा यात्राओं, आम सभाओं का आयोजन और स्थानीय स्तर पर जनता के साथ संवाद के कार्यक्रम आयोजित होंगे। विकास पर्व के दौरान बीना रिफायनरी का विस्तार और केन बेतवा लिंक योजना का भूमिपूजन व शिलान्यास किया जाएगा। इस अवधि में 7245 करोड़ की 15 सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण और 36348 करोड़ की 13 सिंचाई परियोजनाओं का भूमिपूजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विकास पर्व के दौरान 17 जुलाई को शाजापुर जिले में प्रदेश के पहले सीएम राइज विद्यालय का लोकार्पण करने जा रहे हैं। विकास पर्व के दौरान नए स्वीकृत मेडिकल कॉलेजों का भी भूमिपूजन किया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग एवं सड़क निर्माण के 21900 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 1207 कार्यों का भूमिपूजन भी होगा। अमृत 2.0 अंतर्गत शहरी पेयजल परियोजनाओं में 3000 करोड़ रुपए की राशि के कार्य किए जाएंगे।