UP Politics: भविष्य में अखिलेश यादव कभी नहीं बन पाएंगे सीएम, ओमप्रकाश राजभर ने बोला सपा पर हमला

सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि भाजपा और सुभासपा का गठबंधन पूर्वांचल में लोकसभा चुनाव 2024 में समाजवादी पार्टी (सपा) का सूपड़ा साफ कर देगा। पूर्वांचल में किसी भी सीट पर सपा का खाता नहीं खुलेगा। वह शनिवार को गाजीपुर के रामलीला मैदान में पार्टी की ओर से आयोजित गोंड अनुसूचित जनजाति आदिवासी संगोष्ठी में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। सुभासपा प्रमुख ने कहा कि विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को पूर्वांचल में बड़ी सफलता मिली थी। इसके पीछे हमारा गठबंधन रहा। हमने उन्हें मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया था, लेकिन नहीं बन पाए। इसके लिए अखिलेश यादव खुद जिम्मेदार हैं। आने वाले समय में उनका ये सपना चकनाचूर हो जाएगा।

अगर यही स्थिति रही तो भविष्य में अखिलेश यादव कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। उन्होंने कहा कि जब से हमारा गठबंधन भाजपा से हुआ है उत्तर प्रदेश की राजनीति में साफ परिवर्तन दिखाई दे रहा है।इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आशीर्वाद जिसे मिलेगा वही बलिया और गाजीपुर लोकसभा का प्रतिनिधित्व करेगा। पूर्वांचल के कई जिलों का नाम लेकर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में चारों तरफ हमारे गठबंधन की जीत होगी। भासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने गोंड जाति को अनुसूचित जनजाति आदिवासी का प्रमाण पत्र जारी करने के लिए गाजीपुर जिला प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया। कहा कि यहां पर अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। उन्होंने गोंड जाति के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि एक प्रतिनिधिमंडल लेकर लखनऊ चलिए। सीधे मुख्यमंत्री से मिलकर आप लोगों की समस्या का निदान कराता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *