यूपी में कांग्रेस को झटका: पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी ने की पार्टी छोड़ने की घोषणा

चुनावी आहट के बीच यूपी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। दो-तीन दिन पहले उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले मड़िहान (मिर्जापुर) के पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी ने गुरुवार को कांग्रेस छोड़ने का एलान कर दिया। वाराणसी के औरंगाबाद हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने इस बात की जानकारी दी है। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पुराने कांग्रेसियों की उपेक्षा से आहत होकर ये फैसला लेना पड़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री पं. कमलापति त्रिपाठी के प्रपौत्र ललितेश ने कहा कि पार्टी के अंदर कुछ कमियां दिख रही थीं और उनको दुरुस्त करने के लिए हम लोग प्रयासरत थे। स्थितियों में सुधार नहीं हुआ इसलिए मैंने पहले पद और अब पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

अभी आगे का रास्ता क्या होगा इस पर कोई चर्चा नहीं
पार्टी छोड़कर दूसरी जगह जाने के सवाल पर ललितेश ने कहा कि अभी आगे का रास्ता क्या होगा इस पर कोई चर्चा नहीं हुई है। अपने समर्थकों के साथ बैठक करने के बाद इस पर विचार विमर्श किया जाएगा। आगे जाने का रास्ता उन्हीं लोगों के माध्यम से तय किया जाएगा। ललितेश के इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। वहीं पूर्वांचल में भी कांग्रेस आगे की रणनीति पर विचार कर रही है। ट्विटर पर यूपी के जिस नेता ललितेश पति त्रिपाठी को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, यूपी व इंडिया कांग्रेस और विधान परिषद दल के नेता दीपक सिंह फॉलो करते हैं, उन्होंने कांग्रेस को अलविदा कह दिया। पूर्वांचल में कांग्रेस की धुरी रहे औरंगाबाद हाउस से निकली इस खबर से सियासी महकमे में बड़ा उथलपुथल होने की आशंका जताई जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *