करीबी नेता की गिरफ्तारी पर भड़के आदित्य ठाकरे

बीएमसी खिचड़ी कोविड घोटाला मामले में शिवसेना (यूबीटी) नेता सूरज चव्हाण को गिरफ्तार किए जाने पर पूर्व मंत्री और पार्टी विधायक आदित्य ठाकरे ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब विपक्षी नेता भाजपा की ‘वॉशिंग मशीन’ में शामिल हो जाते हैं, तो उनके भ्रष्टाचार के सभी दाग ‘धोकर’ साफ कर दिए जाते हैं।

22 तक रहेंगे हिरासत में

जांच एजेंसी के कार्यालय में पूछताछ के बाद चव्हाण को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत 22 जनवरी तक हिरासत में लिया गया है। चव्हाण महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे के सहयोगी बताए जाते हैं। शिवसेना नेता ने गुरुवार को कहा, ‘महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे सरकार का कायरतापूर्ण शासन है। मुख्यमंत्री भी कायर हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों से खुद को बचाने के लिए हमारी पार्टी को तोड़ दिया और भाजपा की गोद में जाकर बैठ गए।’ उन्होंने कहा, ‘जो लोग वास्तव में भ्रष्ट हैं, वे वाशिंग मशीन में अपने भ्रष्टाचार के दाग को धोने के लिए भाजपा में शामिल हो रहे हैं। जो लोग सच्चाई के लिए खड़े हुए और लोकतंत्र तथा कानून के शासन की बहाली के लिए लड़ रहे हैं, वे हमारे साथ हैं। ‘

सूरज पर यह है आरोप
ईडी ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) खिचड़ी कोविड ‘घोटाले’ के संबंध में बुधवार रात को चव्हाण को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, कोविड-19 के दौरान प्रवासियों को खिचड़ी बांटने के लिए बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की ओर से 8.64 करोड़ रुपये का ठेका देते समय अनियमितताएं की गई थीं। मुंबई की आर्थिक अपराध शाखा का आरोप है कि प्रवासी मजदूरों को खिचड़ी बांटने के लिए ठेके के लिए कीर्तिकर को 52 लाख रुपये, वहीं सूरज चव्हाण को फर्म से 37 लाख रुपये दिए गए।  यह कॉन्ट्रैक्ट बृहन्मुंबई नगर निगम की तरफ से दिया गया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *